सड़क हादसे में फल कारोबारी की मौत, तीन अन्य घायल
धामपुर। हाईवे 74 पर कार की टक्कर से फल कारोबारी अनवार 40 साल की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य घायल हुए है। अनवार के भाई असलम ने पुलिस में रिपोर्ट कायम कराई है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुहल्ला बाड़वान निवासी असलम ने बताया कि उसका 40 वर्षीय भाई अनवार ठेला लगाकर फल बेचने का काम करता है। रविवार को जब अनवार ठेले पर फल रखने का प्रयास कर रहा था तो इस दौरान पीछे से आई कार ने उसके भाई को टक्कर मार दी। जिस समय हादसा हुआ तो वहां पर नईम, राजकुमार, इस्माइल भी खड़े थे। वह भी अनवार की फलों की पेटी को ठेले में रखवाने में सहयोग कर रहे थे, यह तीनों भी घायल हुए हैं। बताया गया कि परिजन अनवार को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद लेकर जा रहे थे, तो अनवार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।