नांगलसोती के बाकरपुर में ग्राम समाज की भूमि को कब्जामुक्त कराती टीम।
- फोटो : NAZIBABAD
नांगलसोती। गांव बाकरपुर में नदी और ग्राम पंचायत की भूमि से गन्ने और चारे की फसल को काटकर कब्जामुक्त कराया गया। तहसील प्रशासन ने कब्जाधारकों को स्वयं फसल काटने के निर्देश दिए थे। एक सप्ताह बाद भी कब्जा न हटाने पर ग्राम सचिव ने गन्ने और चारे की फसल को कटवा कर जालपुर की गोशाला में पहुंचा दिया।
ग्रामीणों की शिकायत पर 15 जुलाई को एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत बाकरपुर और उसके पास मालन नदी की भूमि की पैमाइश की। पैमाइश में 40 बीघा भूमि पर कब्जाधारकों की फसल लहलहाती मिली। उस दौरान राजस्व टीम ने नदी और ग्राम पंचायत की करीब 40 बीघा भूमि को चिह्नित कर ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दी थी। टीम ने कब्जाधारकों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं फसल काटकर नदी और ग्राम पंचायत की भूमि को कब्जामुक्त करने के निर्देश दिए थे। एक सप्ताह से अधिक समय होने पर भी कब्जाधारकों ने फसल नहीं काटी।
बुधवार को ग्राम सचिव अर्जुन पाल, ग्राम प्रधान ओजेश राजपूत और नांगलसोती पुलिस की मौजूदगी में नदी किनारे और ग्राम पंचायत की भूमि पर गन्ने और चारे की फसल को काटा गया। सचिव अर्जुन पाल का कहना है कि फसल को जालपुर गोशाला में चारे के लिए भिजवाया जा रहा है। दो दिनों में करीब आठ बीघा जमीन की फसल काटी जा चुकी है। हल्का लेखपाल शेखर का कहना है कि शेष भूमि को जल्द कब्जा मुक्त कराया जाएगा।