धामपुर। लाला केदारनाथ बालिका विद्या मंदिर की चार कबड्डी खिलाड़ी छात्राएं 18 से 24 जनवरी तक हिमाचल के जिला सोलन के नालागढ़ में होने वाली नेशनल स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया टूर्नामेंट में प्रतिभाग करेंगी। छात्राएं रविवार सवेरे 4:30 बजे हिमाचल के लिए लखनऊ चंडीगढ़ ट्रेन से रवाना होंगी। कोच पूर्णिमा शर्मा ने बताया कि 11वीं कक्षा की छात्रा पल्लवी, 12वीं कक्षा की छात्रा वंशिका राजपूत, अर्चना एवं दसवीं कक्षा की छात्रा परिसैनी का चयन नवंबर में मध्य प्रदेश के बैतूल में संपन्न हुई अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता में हुआ था। सभी छात्राओं का नेशनल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए विद्यालय में ही अभ्यास कराया जा रहा है। कोच ने बताया कि प्रतियोगिता में देश भर के विभिन्न राज्यों से 42 टीमें में प्रतिभाग कर रही हैं। इससे पहले उनके विद्यालय की छात्रा भूमिका सिंह पुत्री राजू सिंह जित्तनपुर निवासी हाल में ही कोलकाता में संपन्न हुई कबड्डी में जूनियर नेशनल प्रतियोगिता से लौटी हैं। प्रधानाचार्य आभावती, मीनाक्षी शर्मा आदि ने छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की है।