चोरी की चार बाइकें बरामद, दो गिरफ्तार
हल्दौर। गांव मोहनपुर सिद्ध पीठ मार्ग के समीप पुलिस ने वाहन चोरी के दो आरोपियों को दो तमंचे के साथ गिरफ्तार कर निशानदेही पर चोरी की चार बाइकें बरामद की हैं। शुक्रवार रात्रि 11 बजे गांव अंहेड़ा से मोहनपुर सिद्धपीठ मार्ग के पास एसआई दीपक कुमार, अजय शर्मा, स्वाट टीम के हिमांशु चौहान को दो लोगों के संदिग्ध हालत में खड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर बाइक सवार दो लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 315 बोर के दो तमंचे व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि गांव फरीदपुर सधीरन के मोड़ के सामने हाईवे के समीप नलकूप के पास एक खंडहर भवन में तीन बाइक खड़ी हैं। पुलिस ने खंडहर से चोरी की तीन अन्य बाइकों को भी बरामद कर लिया। आरोपियों के नाम कस्बा स्योहारा के मोहल्ला मंसूर सराय निवासी नईम अली व धामपुर थाना क्षेत्र के गांव सलैम सराय निवासी लखन हैं।