-एक महिला से नशीला पदार्थ खरीदते हुए पकड़ लिया था युवक
संवाद न्यूज
बिजनौर। एक युवक को नशीला पदार्थ खरीदकर लाते हुए पकड़ लिया और फिर छोड़ भी दिया। इसकी भनक सिपाहियों ने चौकी प्रभारी और कोतवाल को भी नहीं लगने दी। नशीला पदार्थ बेचने वाली आरोपी महिला के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने चार सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
रविवार को एसपी नीरज जादौन ने थाना कोतवाली शहर की चौकी आबकारी पर तैनात सिपाही शौकेन्द्र, राहुल कुमार, राहुल शर्मा और पंकज कुमार को निलंबित किया है। बताया गया कि इन चारों सिपाहियों ने नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले युवक मुकेश निवासी मुजफ्फरनगर को पकड़ लिया था। जिसके पकड़ने के बाद आबकारी पुलिस चौकी पर लाया गया। इसके बाद चौकी प्रभारी और शहर कोतवाल को यह जानकारी नहीं दी। कुछ देर के बाद ही उक्त नशेड़ी को छोड़ भी दिया गया है। जबकि चारों सिपाहियों को नशीले पदार्थ खरीदने के आरोपी को पकड़ने की जानकारी अपने अधिकारियों को देकर आरोपी से थाने लाकर पूछताछ करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। बताया गया कि उक्त नशेड़ी ने एक महिला से नशीला पदार्थ खरीदा था। उक्त आरोपी महिला के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
छोड़ दिए जाने का राज हत्या के बाद खुला
मंडावर थाना क्षेत्र के गंगा खादर में धर्मनगरी के रहने वाले युवक अनुराग की उसके दोस्तों ने शराब पीते हुए गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड में मृतक के दो दोस्त मुकेश निवासी कूबड़ामंडी मुजफ्फरनगर और अनमोल निवासी नईमंडी मुजफ्फरनगर शामिल रहे। हत्याकांड में अनमोल को गिरफ्तार किया जा रहा है। इस हत्याकांड के बाद ही पुलिस अफसरों को मालूम पड़ा कि हत्यारोंपी एक दिन पहले ही नशीले पदार्थ की पुड़िया के साथ पकड़ा गया था, जिसे पकड़ने के बाद छोड़ दिया गया था।