बिजनौर। जिले में चिकित्सक ही नहीं, बल्कि नर्सिंग स्टॉफ भी तैयार होगा। जी, हां स्वाहेड़ी में शनिवार को नर्सिंग कॉलेज की नींव रखी गई। नर्सिंग कॉलेज 984 लाख रुपये की लागत से तैयार होगा। हर साल नर्सिंग कॉलेज में नर्सिंग स्टॉफ तैयार किया जाएगा। जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।
बिजनौर के स्वाहेड़ी में कुछ सालों में ही विकास के पंख लग गए हैं। मेडिकल कॉलेज से लेकर नर्सिंग कॉलेज तक बन रहा है। जिससे स्वास्थ्य शिक्षा का स्तर भी सुधरेगा। नर्सिंग कॉलेज का निर्माण यूपी सिडको संस्था द्वारा किया जा रहा है। नर्सिंग कॉलेज का निर्माण 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य के लिए शासन ने दो करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार नर्सिंग कॉलेज में एक बार में 60 बच्चे पढ़ाई सकेंगे। शनिवार को महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. उर्मिला कार्या द्वारा हवन पूजन के बाद नर्सिंग कॉलेज की नींव रखी गई। इस मौके पर अस्पताल मैनेजर रोहित कुमार, डॉ. विदित दीक्षित, डॉ. रेखा आदि मौजूद रहे।
- एक एकड़ में बनेगा नर्सिंग कॉलेज
अस्पताल प्रबंधक रोहित कुमार ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज करीब एक एकड़ जमीन में बनाया जा रहा है। नर्सिंग कॉलेज की नींव रखी गई। संस्था को समय से निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कहा गया है। नर्सिंग कॉलेज शुरू होने के बाद काफी फायदा मिलेगा।
- नर्सिंग कॉलेज में होगी सिर्फ बीएससी नर्सिंग
स्वाहेड़ी में बन रहे नर्सिंग कॉलेज में सिर्फ बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई की जाएगी। हर साल 60 बच्चों का बीएससी नर्सिंग में एडमिशन लिया जाएगा। क्योंकि मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग करने वालो की ही मांग रहती है।
- चार मंजिला होगा मुख्य भवन
नर्सिंग कॉलेज का मुख्य भवन चार मंजिला बनाया जाएगा। जिसमें विद्यार्थी पढ़ाई करेंगे। जबकि विद्यार्थियों के रहने के लिए दो मंजिला छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। दोनों भवनों का निर्माण पूरा करने के लिए 15 महीने का समय दिया गया है।
- वर्जन : स्वाहेड़ी में नर्सिंग कॉलेज की नींव रखी गई है। निर्माण कार्य के लिए नौ करोड़ 84 लाख रुपये की लागत तय की गई है। अभी शासन ने दो करोड़ की धनराशि अवमुक्त की है। कॉलेज का निर्माण समय से पूरा करने का प्रयास रहेगा। - विक्रम सिंह कटैत, सहायक अभियंता, यूपी सिडको, बिजनौर