वन विभाग ने साहनपुर रेंज से दो शिकारी पकड़े
नजीबाबाद (बिजनौर)। वन विभाग ने साहनपुर रेंज से दो शिकारियों को जाल सहित गिरफ्तार किया है।
बिजनौर वन विभाग नजीबाबाद की साहनपुर रेंज से वन कर्मियों ने दो शिकारियों को गिरफ्तार किया। वन क्षेत्राधिकारी राजेश शर्मा, वनरक्षक रघुवीर सिंह, जितेंद्र सिंह ने साहनपुर नानू क्षेत्र के कंपार्टमेंट नौ में जाल लगाकर तीतर, खरगोश आदि पकड़ते दो शिकारियों को रंगे हाथों पकड़ा।
पकड़े गए शिकारियों में नगर पंचायत साहनपुर के मोहल्ला जरूफशाजान निवासी समीर और शाहिद से शिकार के लिए लगाया जाल बरामद किया। दोनों शिकारियों के खिलाफ वन विभाग की ओर से वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9/ 51 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।