नजीबाबाद (बिजनौर)। अमृत भारत योजना के तहत नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर 15 करोड़ से अधिक की धनराशि से विकास कार्य होंगे। योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज भी बनाया जाएगा।
आदर्श नगर निवासी आरटीआई कार्यकर्ता मनोज शर्मा ने जन सूचना अधिकारी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय मुरादाबाद से नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों के संबंध में जानकारी मांगी थी। मंडल अभियंता प्रथम उत्तर रेलवे मुरादाबाद पीयूष पाठक ने सूचना के संबंध में बताया कि अमृत योजना के तहत नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर कुल 15 करोड़, 85 लाख, 53 हजार 627 रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। मंडल अभियंता प्रथम ने बताया कि विकास कार्यों में सर्कुलेटिंग क्षेत्र का विकास, पार्किंग का विकास और प्लेटफार्म को बढ़ाना आदि कार्य शामिल है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए 81.77 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा।