कोहरे ने बढ़ाई गलन, धूप से मिली राहत
बिजनौर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का मैदानी क्षेत्रों पर असर पड़ रहा है। करीब 15 दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे धूप नहीं निकली। घना कोहरा छाया रहा। बाद में धूप तो निकली, लेकिन ठिठुरन बरकरार रही। मौसम अनुसंधान केंद्र के नगीना के प्रेक्षक सतीश कुमार के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता पर भी फर्क पड़ रहा है। अगले दो दिनों में बारिश होने की संभावना है। सुबह आर्द्रता 97 प्रतिशत रही, जो दोपहर में धूप निकलने के कारण घटकर 66 पर पहुंच गई। ऐसे में किसान कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार ही फसलों की देखभाल करें।