नजीबाबाद के कासमियां इंटर कॉलेज में परीक्षा देतीं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में बोर्ड परीक्षा पर निगरानी के लिए लगे प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा के पहले दिन ही शासन के आदेशों की हवा निकाल दी। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंचे। शिक्षा विभाग के उड़नदस्तों ने केंद्रों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। दोनो पारियों में परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान बताया।
बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हुई। जिले में 120 केंद्र पर परीक्षा हो रही है। पहले दिन हाई स्कूल में गृह विज्ञान और इंटर में हिंदी का पेपर था। परीक्षा पर निगरानी के लिए मजबूत व्यवस्था का दावा किया गया था। शिक्षा विभाग के आठ उड़नदस्ते छापामारी के लिए बनाए गए हैं। जिले को 20 सेक्टर में बांटकर निगरानी के लिए इतने ही सेक्टर मजिस्ट्रेट लगे हैं। तहसीलों के एसडीएम जोनल मजिस्ट्रेट हैं। परीक्षा केंद्रों से प्राप्त जानकारियों के अनुसार प्रथम पाली में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट केंद्रों पर नहीं पहुंचे। दूसरी पाली में एक दो केंद्र पर ही पहुंचे हैं। डिप्टी सीएम और माध्यमिक शिक्षा मंत्री दिनेश शर्मा ने बोर्ड की परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए वीडियो कांफ्रैसिंग की ओर से कई बार सख्त निर्देश दिए थे।
केंद्रों का किया निरीक्षण
बिजनौर। डीआईओएस राजेश कुमार सिंह के अनुसार पहले दिन की परीक्षा सभी केंद्र पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई है। परीक्षा का पहला दिन होने से केंद्र कुछ व्यवस्थापकों को व्यवस्था बनाने में परेशानी जरूर हुई हैं। मंगलवार को तहसील दिवस था। इस कारण हो सकता है कि केंद्रों पर सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट नहीं पहुंचे हों। बुधवार से व्यवस्था सुधर जाएगी। डीआईओएस ने बिजनौर मुख्यालय के केपीएस, डीएवी परीक्षा केंद्र समेत मंडावली , एचएन इंटर कालेज झालू और जीजीआईसी झालू परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया है। सभी केंद्र पर व्यवस्था सही मिली है। शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते भी आवंटित केंद्रों पर लगातार छापामारी करते रहे।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर पहुंचे देरी से
बिजनौर। परीक्षा को नकलविहीन कराने और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार बड़े पैमाने पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान पूरे समय केंद्र पर मौजूद रहते हैं। जिले में इस बार 40 परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगे हैं। केंद्रों से आने वाली खबरों के अनुसार कई जगह स्टेटिक मजिस्ट्रेट काफी देर से पहुंचे। कुछ जगह स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा समाप्त होने से पहले ही खिसक गए थे। हालांकि डीआईओएस का कहना है कि उन्हें किसी केंद्र से स्टेटिक मजिस्ट्रेट के देर से आने की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने अपने कार्यालय को परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों की जानकारी लेने के निर्देश दे दिए हैं।
नाम में गलती से छात्र रहे परेशान
बिजनौर। डीआईओएस दफ्तर पर मौजूद स्योहारा क्षेत्र के एक अभिभावक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उनका बच्चा परीक्षा देने गया था। उसके प्रवेश पत्र में नाम की स्पेलिंग में अंग्रेजी का एक शब्द नहीं छपा था। परीक्षा केंद्र पर उसे रोक दिया। करीब आधा घंटे बाद एक शिक्षक के कहने पर उसे परीक्षा में बैठाया गया।
छात्रों ने प्रश्नपत्र बताए आसान
बिजनौर । परीक्षार्थियों ने गृह विज्ञान और हिंदी के प्रश्न पत्र सरल बताए गए। अंशुमन, सुनीता, रजनी , सूर्य आदि का कहना था कि उन्हें शिक्षिकों ने जो पढ़ाया था वही पेपर में आया है। बहु विकल्पीय और विस्तृत सवाल आसान थे।
नूरपुर में पहले दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा
नूरपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। बोर्ड परीक्षा में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के कारण कक्ष निरीक्षक सतर्कता के साथ ड्यूटी करते नजर आए। नूरपुर में अशरफ जकरिया इंटर कॉलेज, खालसा इंटर कॉलेज के अलाव न्यादरी देवी कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सुबह पहली पारी में हाईस्कूल गृह विज्ञान और इंटरमीडिएट हिंदी साहित्य विषय की परीक्षा हुई। शाम की पारी में इंटरमीडिएट हिंदी सामान्य विषय की परीक्षा संपन्न हुई। अशरफ जकरिया इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक मोहम्मद यामीन ने बताया कि परीक्षा कक्षों के अलावा विद्यालय परिसर, कार्यालय में भी कैमरे लगाए गए हैं। उनके केंद्र पर करीब 1400 छात्र परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। उधर खालसा इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक सुनीत प्रकाश त्यागी एवं अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक उदयवीर सिंह ने बताया कि पहले दिन इंटर के 11 और हाईस्कूल की एक छात्रा परीक्षा देने नहीं पहुंची। परीक्षा देकर बाहर निकले इंटर के छात्र शुभम, कपिल कुमार, नवेद, ऋषभ आदि ने बताया कि हिंदी का पेपर काफी सरल था । छात्रों ने परीक्षा में कैमरे लगाए जाने को सही कदम बताया है।