- क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से की सड़क की मरम्मत कराने की मांग
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
जलीलपुर/चांदपुर। क्षेत्र के दर्जनों गांवों की आबादी के आवागमन की मुख्य सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे सैकड़ों ग्रामीणों को ब्लाॅक व जिला मुख्यालय के लिए अन्य सड़कों पर घूमकर आवागमन करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
ब्लाॅक जलीलपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गांव बीबीपुरा से शेखपुरी चौहड़ तक बनी सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। गांव महबुल्लापुर ढाकी के निकट सड़क में बड़ा गड्ढा बन जाने से गांव बीबीपुरा, बास्टा, अथाई, अहरौला, कौशल्या, बोहरा, मानपुर, नलपुरा, बुंदरा, महबुल्लापुर ढाकी आदि गांवों के सैकड़ों राहगीरों को ब्लाॅक जलीलपुर व जिला मुख्यालय बिजनौर आने जाने के लिए अन्य सड़कों से घूमकर आवागमन करना पड़ रहा है।
सड़क क्षतिग्रस्त होने से गांव सकतलपुर मिलक, भोगपुर, भगोड़ा, शेखपुरी चौहड़, मीरापुर खादर, सुल्तानपुर, तख्तपुर, खानपुर खादर, कमालपुर, अजदेव, नवादा, जलीलपुर, रवाना आदि गांव के सैकड़ों राहगीरों को बास्टा व जिला अमरोहा की तहसील धनौरा के गांवों में आने जाने में दिक्कतें उठानी पड़ रही है। महबुल्लापुर ढाकी के प्रधान मुजीब, जयप्रकाश सिंह, रणवीर सिंह, शराफत, अकील अहमद, सलीम, इरफान, नवीन आदि ने क्षतिग्रस्त सड़क को तुरंत मरम्मत कराने की मांग की है। क्षतिग्रस्त सड़क के जेई गजेंद्र सिंह ने बताया शुक्रवार को जेसीबी मशीन ले जाकर बड़े गड्ढे को भरा जाएगा।