नजीबाबाद। वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन गुलदार से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है सितंबर माह में डेढ़ दर्जन से अधिक पिंजरे लगाए गए, लेकिन पांच गुलदार ही पकड़े जा सके। बीरूवाला क्षेत्र में अभी भी गुलदार देखा जा रहा है। कौड़िया वन रेंज के बीरूवाला, ताहरपुर, नयागांव, मथुरापुर मोर, राजगढ़ वन रेंज के रामदासवाली सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार देखे जाने से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सितंबर माह में गुलदार के हमले से चार मौतें हो चुकी हैं। वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरों में अभी तक केवल पांच गुलदार ही कैद हुए हैं। गुलदारों के हमले से भयभीत ग्रामीण कई क्षेत्रों में खेतों पर काम करने नहीं जा रहे। कौड़िया वन रेंज के बीरूवाला में लगातार गुलदार देखा जा रहा है। पूर्व ग्राम प्रधान सरदार इकबाल सिंह, साहब सिंह, शीशा सिंह का कहना है कि वन विभाग गश्त के नाम पर औपचारिकता कर रहा है। ग्रामीणों को कहना है कि केवल पिंजरे लगाने मात्र से ग्रामीणों की सुरक्षा संभव नहीं है। किसान गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में खेतों पर काम करने जाने से कतरा रहे हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से ग्रामीणों को सुरक्षित वातावरण दिलाने की मांग की है।