- अपहरण के आरोप में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया
- महिला का पति फरार, किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बढ़ापुर। पुलिस ने पांच दिन से लापता कस्बे की एक किशोरी को नजीबाबाद में एक घर से बरामद किया है। पुलिस ने किशोरी के अपहरण के आरोप में एक महिला को भी हिरासत में लिया है।
कस्बा निवासी करीब 15 वर्षीय एक किशोरी एक जून को अपने घर से लापता हो गई थी। परिजन किशोरी की तलाश में लगे थे। पांच जून को किशोरी के पिता ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। किशोरी के लापता होने की सूचना सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही थी। छानबीन के दौरान पता चला कि किशोरी बढ़ापुर की ही रहने वाली एक महिला के संपर्क में थी जो नजीबाबाद के मोहल्ला मुगलुशाह में रहती है और जिसका चाल चलन भी ठीक नहीं है। इस मामले में पुलिस ने सूचना के आधार पर नजीबाबाद में छापा मारकर किशोरी को बरामद कर लिया। बताया जाता है कि किशोरी से गलत काम कराने के मकसद से महिला ने अपने पति की मदद से बहला फुसलाकर उसका अपहरण किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार तोमर के अनुसार महिला को हिरासत में लिया गया है जबकि उसका पति फरार है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण व अदालत में बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।