रेहड़ के गांव माधोवाला में छप्पर में लगी आग से जली बाइक।
रेहड़ (बिजनौर)। मांधोवाला में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से शादी वाले घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर तीन सिलिंडर फट गए जिसके धमाकों से पूरा गांव दहल गया। आग से दूल्हे सहित तीन लोग घायल हो गए और लाखों रुपयों का नुकसान हो गया। सूचना के काफी देर बाद फायर बिग्रेड के पहुंचने का लोगों ने विरोध किया। मौके पर तहसीलदार ने पहुंचकर मामले की जानकारी ली है।
गांव माधोवाला निवासी दलपत सिंह पाल के पुत्र मोनू का विवाह समारोह था। बुधवार को उसकी बरात जानी थी। मंगलवार को आवास परिसर में ही छप्पर के नीचे खाना बनाया जा रहा था। ऊपर से होकर जा रही बिजली की लाइन से अचानक चिंगारी निकलने लगी जो छप्पर पर गिरी ओर आग लग गई। आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक नीचे रखे गैस के सिलिंडर ने भी आग पकड़ ली। देखते- देखते वहां रखे अन्य दो सिलिंडर भी आग की चपेट में आ गए और आग शोलों में बदल गई और तीनों सिलिंडर फटे तो गांव दहल गया। लोगों में अफरातफरी मच गई। सिलिंडर के टुकड़े भी आस पड़ोस में जाकर गिरे।
आग बुझाने के प्रयास में दुल्हा मोनू भी झुलस गया। जबकि पड़ोस में छत पर खड़े मनोज व उसकी पत्नी यशोदा सिलिंडर का टुकड़ा लगने से झुलस गए। सभी घायलों को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। उधर परिजनों ने बताया कि आग में एक प्लेटिना बाइक, कुट्टी मशीन, इंजन सेट, बर्तन, कपड़े, खिड़की दरवाजे, खाद्य सामग्री सहित लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सिलिंडर के टुकड़ों से पड़ोस के सोमपाल सिंह, डाॅ. दिनेश कुमार, धर्मवीर सिंह आदि का भी नुकसान हुआ है। आग की सूचना पर तहसीलदार पवन शर्मा, नायब तहसीलदार लक्ष्मण सिंह भंडारी, थाना प्रभारी धीरज सोलंकी, हल्का लेखपाल पप्पू कुमार शाह आदि ने मौके का निरीक्षण किया। देरी से पहुंचने पर फायर बिग्रेड का ग्रामीणों ने विरोध करते हुए हंगामा किया। वहीं ग्रामीणों ने विद्युत लाइन के तार ढीले व नीचे लटके होने की शिकायत तहसीलदार से की है।