संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़। एक साइकिल पंक्चर और वेल्डिंग की दुकान में आग लगने से हजारों का सामान जल गया। दुकान में रखा हवा भरने का सिलिंडर भी फट गया।
गांव मीरापुर निवासी आरिफ की गांव चौहड़वाला में साइकिल पंक्चर और वैल्डिंग की दुकान है। देर शाम वह एक मोटर साइकिल का टायर खोलकर रिम की वैल्डिंग कर रहा था। अचानक गैस सिलिंडर लीक होने से वहां रखे सामान ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते बड़ी-बड़ी लपटें उठने लगी। थोड़ी देर में हवा भरने वाला सिलिंडर भी फट गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक दुकान में रखा साइकिलों का सामान व उसके कपड़े व बिस्तर आदि जलकर राख हो गए।
महेश सिंह, झब्बू, अहमद, आरिफ, जाहिद, शमशेर व अनवर आदि ग्रामीणों का कहना था कि आग बुझाने के लिए फायर बिग्रेड को फोन करने का प्रयास किया गया लेकिन फोन नहीं लगा। ग्रामीणों ने डीएम से पीड़ित को नुकसान का मुआवजा देने व ब्लाक क्षेत्र में फायर बिग्रेड की यूनिट स्थापित कराने की मांग की है।