महमदाबाद में पशुशाला में आग लगी
हरेवली। गांव महमदाबाद में सोमवार देर रात एक पशुशाला में आग लग गई। छह पशु गंभीर रूप से झुलस गए। आग ने पशुशाला के समीप एक घर को भी चपेट में ले लिया। एसडीएम मनोज कुमार सिंह के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम गांव में गई और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। लेखपाल नितिन कुमार ने प्रशासन से मदद का आश्वासन दिया।
गांव महमदाबाद के दीपक कुमार, नरेंद्र कुमार, महावीर सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात गांव के तीन भाइयों ऋषिपाल, धर्मेंद्र सिंह, खुशीराम की पशुशाला में लग गई। पशुशाला में तीनों के 10 पशु बंधे थे। आग की लपटों को देख लोगों ने शोर मचा दिया। शोर सुन गांव के लोग पशुशाला में लगी आग पर काबू पाने के लिए दौड़ पड़े। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है। पशुशाला में बंधे छह पशु झुलस गए, जबकि चार को बाहर निकाल लिया गया। आग ने पशुशाला के समीप गांव के मंगलराम के छप्परनुमा घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया कि उसके 1500 रुपये और घर का अन्य सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह से एक घंटे के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया।
मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम गांव में पहुंची और टीम ने पीड़ित परिवारों के लोगों से संपर्क कर उनकी मदद कराने का भरोसा दिया। एसडीएम मनोज कुमार सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जांच कर पीड़ितों की मदद होगी।