बिजनौर। नूरपुर ब्लाॅक की पंचायत में लाखों के कथित घोटाले के आरोपियों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज होगी। साथ ही सभी आरोपी से घोटाले की रकम वसूली जाएगी। मामला डीएम उमेश मिश्रा के अनुमोदन को भेजा गया है।
नूरपुर ब्लाॅक की पंचायत शिवाला कला में 230976 रुपये का घोटाला जांच में सामने आया था। सीडीओ पूर्ण बोरा ने बताया कि पंचायत की एक सीसी रोड को दोबारा बना हुआ दिखाकर लाखों की रकम डकार ली गई। जांच में प्रथम दृष्टया निवर्तमान प्रधान जाबिर, पंचायत सचिव रेखा रानी तथा अवर अभियंता अनिल कुमार दोषी ठहराए गए हैं।
सीडीओ के मुताबिक शासन की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति है। तीनों कथित आरोपियों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज होगी। साथ ही डकारी गई रकम की वसूली की जाएगी। प्रकरण डीएम के अनुमोदन के लिए भेजा गया है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। संवाद