हल्दौर। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की हुई मौत के मामले में पुलिस ने बिजली विभाग के एसडीओ, जेई, लाइनमैन समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गांव फरीदपुरमान उर्फ पमड़ावली निवासी सुरेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया कि उनका 23 वर्षीय पुत्र दीपक 23 जून को ट्रैक्टर-ट्रॉली में सीमेंट लेकर रिश्तेदारी में जा रहा था। बालकिशनपुर चौराहे के पास ट्रैक्टर रोकने के बाद वह पास स्थित निजी नलकूप की ओर शौच के लिए गया। इसी दौरान नीचे लटक रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हाईटेंशन लाइन काफी समय से निर्धारित ऊंचाई से नीचे लटक रही थी। इसकी जानकारी किसानों ने पूर्व में विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी दी थी, लेकिन लाइन को दुरुस्त नहीं कराया गया। विभागीय लापरवाही के कारण ही दीपक की जान गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। सीओ सिटी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।