मंडावली। दिल्ली की युवती के मानसिक उत्पीड़न और धमकी देने के मामले में भाजपा नेता के बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दिल्ली की रहने वाली युवती ने अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए नेशनल क्राइम रिकॉर्ड पोर्टल (एनसीआरपी) पर जुलाई से अब तक सात बार शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोपी के फोन नंबर का हवाला दिया गया। पोर्टल पर हुई शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिक जांच की। जांच में उक्त मोबाइल नंबर अभय प्रताप का निकला। इसके बाद दरोगा राहुल कुमार की ओर से थाना मंडावली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। आरोप है कि आरोपी की ओर से अश्लील मैसेज भेजे गए। जिनमें गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। असलहा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। मेसेज और वीडियो के जरिए मानसिक उत्पीड़न किया गया। जिसके बाद मंडावली पुलिस ने थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अभय प्रताप सिंह खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विवेचक वीरेंद्र कुमार ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की। आरोपी नजीबाबाद क्षेत्र के एक भाजपा नेता का बेटा है।