आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई
चांदपुर। बास्टा निवासी आन मोहम्मद ने पिता-पुत्र को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आन मोहम्मद ने बताया कि वह बास्टा स्थित वक्फ इमामबाड़ा का 27 नवंबर 2019 से तीन साल के लिए विधिवत रूप से मुतावल्ली नियुक्त हैं। तहजीब हैदर इमामबाड़ा का चार्ज व कब्जा देने को राजी नहीं है। शिकायत मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ को की गई थी। जिसकी जांच चांदपुर तहसील कर्मियों द्वारा की जा रही है। इसकी जानकारी तहजीब हैदर को लग जाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। 24 दिसंबर 2020 को करीब साढ़े ग्यारह बजे आरोपियों ने पुत्र शहजाद अली को मथर हसनैन की दुकान पर घेर लिया तथा धमकी दी कि यदि वक्फ इमामबाड़े मामले में तेरे पिता ने ज्यादा कार्रवाई की तो तुझे व तेरे पिता को जान से मार देंगे। पुलिस ने बास्टा निवासी तहजीब हैदर सहित आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।