गुदड़ी मेले में झूले में बैठने को लेकर मारपीट, तीन घायल
हल्दौर। गुदड़ी मेले में झूले में बैठने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। हमला करने वाला युवक झूले पर काम करता है। दोनों पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार चले। जिसमें एक युवक व उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान मेले में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत किया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नगर के मोहल्ला पोखर बाजार में पांच सितंबर से मेले का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव कूकड़ा इस्लामपुर निवासी हुकुम सिंह का बेटा ललित कुमार अपनी मां विनोद देवी व अन्य परिजनों के साथ रविवार की देर रात करीब दस बजे हल्दौर गुदड़ी मेला देखने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मेले में संचालित झूले पर बैठाने को लेकर गांव के ही अरुण कुमार पुत्र कौशल सिंह के साथ विवाद हो गया। इस विवाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार चले। जिसमें ललित कुमार उसकी मां विनोद देवी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मारपीट के दौरान मेले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत किया। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल ललित कुमार उसकी मां विनोद देवी को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जबकि मामूली रूप से घायल आरोपी अरुण कुमार को निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया है। चिकित्सकों ने विनोद देवी व ललित कुमार को बिजनौर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष के हुकुम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक अरुण कुमार को दबोचकर उसके खिलाफ जानलेवा हमला समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि की है। बता दें कि इससे पहले भी मेले में कई बार मारपीट हो चुकी है।
नर्तकी नाची तो होगी कार्रवाई: एसडीएम
एसडीएम सदर मोहित कुमार ने कहा कि गुदड़ी मेले में नर्तकी नाची तो कार्रवाई की जाएगी। इसकी जांच कराई जा रही है। साथ ही चेतावनी भी जारी की है। कहीं भी नर्तकियों के डांस को लेकर अनुमति नहीं दी गई है।