- सीसीटीवी फुटेज वायरल, आरोपियों पर केस दर्ज
- शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर मचाया उत्पात
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। नशे में धुत युवकों ने शहर के एक होटल में जमकर उत्पात मचाया। कमरा नहीं देने पर होटल मैनेजर के साथ जमकर मारपीट की। पूरा वाकया सीसीटीवी में कैद हो गया। जिसकी फुटेज वायरल हो रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है।
शुक्रवार की देर शाम करीब 11 बजे बिजनौर में बैराज रोड स्थित चेताली होटल में दस से पंद्रह युवक पहुंचे। जिन्होंने हाथों में शराब और पानी की बोतल ले रखी थीं। इन्होंने होटल मैनेजर से एक कमरा देने के लिए बोला, युवकों की हालत देख मैनेजर ने कमरा देने में असमर्थता जता दी। जिस पर गुस्साए युवकों ने होटल मैनेजर के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं जमीन पर गिराकर लात घूंसों से जमकर पीटा। बीच बचाव करने आए होटल के कर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। करीब पंद्रह मिनट तक इन्होंने होटल में उत्पात मचाया। बाद में ये आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए।
यह पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। जिसकी फुटेज वायरल हो रही है। शहर कोतवाली पुलिस ने होटल मैनेजर की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि मामले में युवकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।