घटना का वीडियो वायरल, कस्बे के सियासी रसूखदार परिवार से जुड़ा मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़। पति-पत्नी के बीच चले आ रहे विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई हो रही समझौता वार्ता के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। सरे बाजार हुई इस मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। मामला कस्बे के एक सियासी रसूखदार परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। फिर से दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता चल रही है।
बीते कई वर्षो से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चला आ रहा है। पांच वर्ष के दौरान दोनों के बीच कहासुनी और मनमुटाव होता रहा है। परिजनों और रिश्तेदारों की मध्यस्ता में कई बार समझौते हुए, लेकिन बात नहीं बनी। रविवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता होनी थी।वार्ता शुरू होने से पहले ही कहासुनी हो गई, जो मारपीट में बदल गईं। कालागढ़ मार्ग पर हुई इस घटना के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। दोनों पक्षों से बात करने की कोशिश की गई लेकिन वह कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है।कोतवाल मनोजकुमार सिंह ने मारपीट की पुष्टि करते हुए कहा कि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।