नांगल सोती। एसबीआरएसडी पब्लिक स्कूल कामराजपुर में कक्षा पांच के छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने अध्यापिका के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव सबलपुर बीतरा निवासी मो. अरशद ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र अदनान बरकातपुर मिल चौराहे के पास स्थित एसबीआरएसडी पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता है। आरोप है कि स्कूल की अध्यापिका जैनश ने मंगलवार को मामूली गलती पर अदनान की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके चेहरे व हाथों पर नील पड़ गए। पिता का आरोप है कि कुछ दिन पहले भी अध्यापिका ने एक अन्य बच्चे के साथ इसी तरह मारपीट की थी। पुलिस ने छात्र को मेडिकल के लिए भेजा है। विवेचना अधिकारी अन्नू कुमारी ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।