-जलालपुर भूड़ जंगल के निकट मादा गुलदार पिंजरे में कैद हुई
-22 अगस्त को गुलदार ने इसी गांव के पीयूष को मार डाला था
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर (बिजनौर)। गांव जलालपुर भूड़ जंगल के निकट एक मादा गुलदार पिंजरे में कैद हो गई। वन विभाग की टीम उसे अपने साथ बिजनौर ले गई। इस साल पकड़े गए गुलदारों की संख्या अब 50 पहुंच गई है।
गांव जलालपुर भूड़ निवासी किसान पीयूष कुमार उर्फ पिंकी पुत्र कुलवीर सिंह को 22 अगस्त को गुलदार ने हमला कर मार डाला था। वन विभाग ने पिंजरे लगाए थे। शनिवार को गांव जलालपुर भूड़-नसीरपुर नैन सिंह मार्ग पर एक बंजर भूमि के समीप झाड़ियों के पास लगाए गए पिंजरे में मादा गुलदार कैद हो गई।
सूचना पर वन विभाग दरोगा रुचित चौधरी, सौरव कुमार, वन रक्षक संजय सिंह राणा आदि टीम के साथ मौके पहुंचे और गुलदार को अपने साथ बिजनौर ले गए। वन रेंजर महेश गौतम ने बताया कि यह मादा गुलदार है, जिसकी उम्र तीन साल बताई है।
कई गांवों में दिख रहा गुलदार
हल्दौर क्षेत्र में गुलदार दिखाई देने से लोगों में भय व्याप्त है। वन रेंजर महेश गौतम, वन दरोगा रुचित चौधरी आदि बिसाठ, बागा नांगल, रुस्तमपुर, शादीपुर कलां, जमालपुर हसना आदि गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने लोगों को गुलदार से बचाव के बारे में बताया। गुलदार से सुरक्षा के बचाव के संबंध में लिखी गाइड लाइन के पंपलेट चस्पा किए।