सड़क हादसे में मरने वाली चांदपुर के गांव मिर्जापुर बकैना महिला सिपाही नीशू।
- चार भाई बहनों में सबसे बड़ी थी नीशू, गांव में मातम का माहौल
फाइल फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। हापुड़ में बहादुरगढ़ थाने के पास सड़क हादसे में बिजनौर की रहने वाली महिला सिपाही नीशू का निधन हो गया था। उसका अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। सिपाही के परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बृहस्पतिवार को चांदपुर के गांव मिर्जापुर बकैना से तमाम लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तिगरी के गंगा घाट गए। बता दें कि गांव मिर्जापुर बकैना निवासी लल्लू सिंह की 29 वर्षीय पुत्री नीशू 2021 में पुलिस में भर्ती हुई थी। नीशू की तैनाती हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ में चल रही थी। बुधवार को आरक्षी निवित कुमार के साथ बाइक से वह गढ़मुक्तेश्वर की ओर आ रही थी। बहादुरगढ़ से कुछ दूरी पर मैली से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार नीशू व सिपाही निवित घायल हो गए। घायलों को सीएचसी गढ़ ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने नीशू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल निवित कुमार को एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। नीशू की मौत की परिजनों को खबर मिलते ही उनमें कोहराम मच गया। गांव में मातम सा छा गया। बृहस्पतिवार को नीशू का अंतिम संस्कार तिगरी गंगा घाट पर किया गया।