बिजनौर में सहेलियों के तंज से तंग आकर एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पड़ोस की रहने वाली तीन सहेलियों समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। नामजद आरोपी तीनों लड़कियां नाबालिग हैं।
शहर कोतवाली पुलिस ने गांवड़ी बुजुर्ग के रहने वाले फूल सिंह ने थाने में तहरीर सौंपी। जिसमें कहा कि वह अपनी पुत्रवधू के साथ खेत पर गए थे, जबकि उनकी पौत्री मनीषा (17) घर पर अकेली थी। वे खेत से घर लौटे तो मनीषा फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी, उसे फंदे से उतारकर चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने पड़ोस में ही रहने वाली किशोरी की तीन सहेलियों समेत बिट्टू तथा सुरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई। बता दें कि मनीषा ने सोमवार की शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मंगलवार को किशोरी के शव का पोस्टमार्टम हुआ।
फांसी लगाने से पहले किशोरी ने अपनी डायरी में सहेलियों का नाम लिखते हुए अक्सर परेशान करने का जिक्र किया है। साथ ही मृतका के हाथ पर भी आरोपी लड़कियों और दो लड़कों के नाम लिखे मिले।
पुलिस ने बताया कि किसी से प्रेम संबंधों को लेकर आरोपी लड़कियां अक्सर टिप्पणी करती थीं। शहर कोतवाल ने बताया कि किशाेरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी, इस मामले में पड़ोस की ही तीन लड़कियों समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।