बास्टा। भीषण गर्मी के बीच पीपलसाना बिजली घर से जुड़ी 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से बास्टा क्षेत्र की बिजली शनिवार को करीब छह घंटे तक बाधित रही।
सुबह करीब छह बजे लाइन में तकनीकी खराबी आई थी। फाल्ट चलते बास्टा और आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली नहीं आने से घरों में पानी की किल्लत, दुकानदारों का काम प्रभावित रहा। छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई भी बाधित रही। गर्मी में इनवर्टर भी जवाब दे गए जिससे बुजुर्गों बच्चों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को सूचना देने के बाद भी कर्मचारियों के पहुंचने में काफी देर लगी। करीब 12 बजे के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हुई। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि गर्मी के मौसम में इस तरह की कटौती नहीं हो और लाइन की समय से चेकिंग की जाए। बिजली विभाग के जेई मंजीत सिंह ने बताया कि 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से सप्लाई फेल हो गई थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कर करीब 12 बजे सप्लाई को सुचारू कर दिया है।