नजीबाबाद। नगर पालिका परिषद नजीबाबाद के अध्यक्ष पद के लिए पिता और पुत्र ने नामांकन पत्र जमा कराए। नगर पंचायत साहनपुर से पांच और जलालाबाद से अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन पत्र जमा कराए गए। किरतपुर से अध्यक्ष पद के लिए किसी ने नामांकन जमा नहीं कराया।
निकाय चुनाव के नामांकन जमा कराने के मात्र दो दिन शेष हैं। राजनीतिक दलों द्वारा पार्टी सिंबल जारी न करने से अध्यक्ष पद की नामांकन प्रक्रिया धीमी गति से चल रही है। नगर पालिका परिषद नजीबाबाद से अध्यक्ष पद के लिए पिता और पुत्र ने अपना नामांकन जमा कराया है। मो.वाहिद नगर निवासी मौअज्जम ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नगर पालिका परिषद नजीबाबाद के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन जमा कराया। मौअज्जम खां के पिता अब्बास अहमद ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शनिवार को नामांकन जमा कराया।
नगर पंचायत साहनपुर अध्यक्ष पद के लिए पूर्व चेयरमैन खुर्शीद मंसूरी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन जमा कराए। साहनपुर से ही नसीमा पत्नी एहसान, अल्ताफ ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में और मो. अहसान मंसूरी ने एआईएमआईएम प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र जमा कराया।
उधर, नगर पंचायत जलालाबाद के लिए तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने नामांकन जमा कराए हैं। पिछड़ी जाति की महिला आरक्षित अध्यक्ष पद के लिए रूमाना पत्नी तालिब, फहमीदा पत्नी मो. याकूब, निवर्तमान चेयरपर्सन सायरा परवीन पत्नी की लियाकत अंसारी ने अपने नामांकन पत्र शनिवार को जमा कराए।
पार्टी सिंबल जारी होने के बाद रविवार को कई प्रत्याशियों द्वारा राजनीतिक दलों की ओर से नामांकन पत्र जमा कराने की उम्मीद है।