- किसानों से प्रदर्शन में पहुंचने का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाने के विरोध सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू के बैनर तले किसान 21 फरवरी को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करेंगे। सभी किसानों से कलक्ट्रेट पहुंचने का आह्वान किया।
भारतीय किसान यूनियन के मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर ने बताया कि बिजनौर सहित मुरादाबाद मंडल के पांचों जिलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता किसानों के साथ 21 फरवरी को कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन करेंगे। कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में योगी सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में एक पैसे की भी बढ़ोतरी न करने के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। सरकार से गन्ना मूल्य बढ़ोत्तरी में पुनर्विचार करने व जिले की लोकल समस्याओं के समाधान करने के लिए एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। उन्होंने सभी किसानों से आंदोलन में पहुंचने का आह्वान किया।
बाबूराम तोमर ने कहा किसानों की आवाज उठाने और उनका हक दिलाने के लिए भाकियू आंदोलन करेगी। उन्होंने पदाधिकारियों से इस आंदोलन को सफल बनाने में जुट जाने तथा संगठन को मजबूत बनाने में अपना योगदान देने की अपील की।