- बिजनौर समेत यूपी से 45 एफपीओ के साथ किया जाएगा एमओयू
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। हर व्यक्ति तक मोटे अनाज पहुंचाने के लिए उसकी बुवाई का क्षेत्रफल बढ़ाया जाएगा। इसके लिए सरकार व कृषि विभाग कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) के माध्यम से किसानों के यहां मोटे अनाज का बीज तैयार कराएगी। बिजनौर समेत यूपी में 45 एफपीओ का चयन प्रक्रिया शुरु कर दी है।
उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम (राज्य सेक्टर) के तहत वर्ष 2023-24 में सीड मनी के लिए बिजनौर समेत 75 जनपदों से 45 कृषक उत्पादक संगठन के चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए। इच्छुक 45 क्रियाशील एफपीओ को सीड मनी की सुविधा प्राप्त कराया जाएगी। विषय विशेषज्ञ अधिकारी हरज्ञान सिंह ने बताया कि चयनित एफपीओ के साथ उप्र बीज विकास निगम द्वारा मिलेट्स के बीज उत्पादन के लिए एमओयू किया जाएगा। निगम की देखरेख में प्रमाणित/सत्यापित बीज के उत्पादन का कार्य कराया जाएगा।
उप कृषि निदेशक गिरीश चंद ने बताया कि बीज उत्पादन का कार्य एफपीओ अपने शेयरधारक किसानों के माध्यम से कराने को वरीयता दी जाएगी। इच्छुक एफपीओ ऑनलाइन आवेदन कराने का आह्वान किया।