किसान 16 को तहसील मुख्यालयों पर करेंगे प्रदर्शन
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की रविवार को हुई पंचायत में वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं पर चर्चा की और उनके निदान को रणनीति बनाई। पंचायत में आगामी सीजन में 450 रुपये क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित करने सहित विभिन्न मांगों के निदान को लेकर 16 अगस्त को सभी तहसीलों पर प्रदर्शन कर धरने का निर्णय लिया।
रविवार को ग्राम उलकपुर में जावेद खान के प्रतिष्ठान पंचायत का आयोजन हुआ। पंचायत में पश्चिम उप्र महासचिव कैलाश लांबा ने कहा कि किसान परेशान है। किसानों को न उनकी फसलों का उचित दाम मिल रहा है और न ही समय पर फसल का भुगतान किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार उर्फ बिट्टू ने कहा कि कहा कि आगामी सीजन में 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित करने, बेसहारा पशुुुओं से निजात दिलाने सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर 16 अगस्त को सभी तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। उसके बाद एक सितंबर को जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। हाजी नसरुद्दीन की अध्यक्षता एवं विजेंद्र सिंह के संचालन में हुई पंचायत में जिला प्रभारी राजपाल भगत, जिला महासचिव वेद प्रकाश, गौरव कुमार, रजनीश कुमार, नरेंद्र सिंह, मनीष चौहान, ध्यान सिंह, सुरेंद्र सिंह, मुस्तकीम, महबूब, सोनी, इरफान आदि उपस्थित रहे।