संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। भाकियू अराजनैतिक कार्यकर्ताओं की बुधवार को ब्लाॅक स्तरीय मासिक पंचायत ग्राम चांदनवाला बसेड़ा कुंवर में हुई। जिला उपाध्यक्ष दुष्यंत राणा ने चेतावनी दी कि यदि 15 फरवरी तक सड़कों पर घूम रहे गोवंश को पकड़ कर गोशालाओं में भेजा नहीं गया तो 16 से कार्यकर्ता खुद ट्रैक्टर ट्राॅली में भरकर सरकारी कार्यालयों में छोड़ देंगे।
जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अनदेखी कर रही है। महंगाई को देख बीस रुपए गन्ना मूल्य बढ़ोतरी करना किसानों के साथ बेमानी है। गन्ना का मूल्य 450 रुपए प्रति क्विंटल भाव किया जाए। कार्यकर्ताओं ने निराश्रित पशुओं को पकड़ कर एकत्र करने का काम शुरू कर दिया है। जल्द ही इन पशुओं को गोशाला नहीं भिजवाया गया तो सरकारी दफ्तरों में बांध दिया जाएगा।
पंचायत के बाद कार्यकर्ताओं ने तीबड़ी स्थित गोशाला पहुंचकर पशुओं के रखरखाव की व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने गोशाला में पशुओं की अधिक संख्या को देख एक अन्य टीनशेड बनवाने की मांग की। इस अवसर पर ब्लाॅक अध्यक्ष अजय राजपूत, सुनील प्रधान, अरविंद राजपूत, कपिल कुमार, गजेन्द्र, संजय, आनंद सिंह, कौशल कुमार, दिनेश प्रधान, यशपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।