संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर, हल्दौर। गांव बल्दिया मार्ग पर बिलाई चीनी मिल द्वारा गांव बाटपुरा का नया गन्ना सेंटर लगाए जाने की भनक लगने पर किसानों में आक्रोश व्याप्त हो गया। गुस्साए किसानों ने चीनी मिल द्वारा लगाए गए नए गन्ना सेंटर को उखाड़ दिया। किसान ट्रैक्टर-ट्राली में कांटा लादकर मिल के क्षेत्रीय कार्यालय पर पहुंचकर जमकर विरोध करते हुए हंगामा किया। किसानों ने तीन गांवों का गन्ना सेंटर तीन दिन के भीतर परिवर्तन नहीं किए जाने पर 22 दिसंबर को महापंचायत बुलाई जाने का निर्णय लिया है।
गांव कड़ापुर बिजलीघर के सामने गन्ना सेंटर परिवर्तन कराए जाने की मांग को लेकर किसान मिल की गन्ना भुगतान प्रणाली से परेशान होकर मिल को गन्ना नहीं देने और किसी अन्य दूसरी मिल का गन्ना सेंटर लगाएं जाने की मांग को लेकर 13 दिन से कड़ाके की ठंड में धरने पर अड़े हुए हैं। आरोप है कि मिल द्वारा गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर बल्दिया की ओर जाने वाले मार्ग पर एक किसान के खेत पर गांव बाटपुरा का नया गन्ना सेंटर लगा दिया। मंगलवार को बिजनौर, मुरादाबाद हाईवे पर स्थित गांव बल्दिया मार्ग पर मिल द्वारा बाटपुरा का नया सेंटर लगाए जाने की भनक लगने पर किसानों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
उक्त तीनों गांवों के किसान पहुंचे और मिल द्वारा लगाया गया नया गन्ना सेंटर उखाड़ दिया। ट्रैक्टर-ट्राली में कांटा लादकर मिल के क्षेत्रीय कार्यालय पर पहुंचकर विरोध प्रकट करते हुए जमकर हंगामा किया। क्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी निपेंद्र सिंह को कांटा सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि मिल द्वारा उनके तीनों गांव के नाम से आसपास क्षेत्र में कहीं भी सेंटर लगाया जाता है तो आंदोलन किया जाएगा।
भाकियू टिकैत गुट के तहसील अध्यक्ष कोमन सिंह, महासचिव कैरोप्रताप सिंह ने धरने पर पहुंचे और कहा कि मिल द्वारा जबरन सेंटर लगाया जाता है तो विरोध किया जाएगा। संगठन किसानों का शोषण कतई बर्दाश्त नहीं करेंगा। संगठन किसानों के साथ है।
- दूसरी मिल का कांटा लगाने की हो रही मांग
रोहित कुमार तोमर, प्रतिपाल सिंह दीवान ने कहा कि तीन दिन के भीतर किसी दूसरी अन्य मिल का कांटा नहीं लगाए जाने पर 22 दिसंबर को महापंचायत कर आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। गन्ना महाप्रबंधक परोपकार सिंह ने फोन पर कहा कि मिल द्वारा गन्ना आयुक्त के निर्देश पर ही बल्दिया के समीप एक किसान के खेत पर नया गन्ना सेंटर लगाए जाने की बात कही है। इस अवसर पर तुकमान सिंह, राकेश कुमार, विज्ञान सिंह, जोगराज सिंह, कमलवीर, गजराज सिंह, धर्मेंद्र कुमार, भीष्म सिंह, अमर सिंह आदि मौजूद रहे।