- सैकड़ों ट्रैक्टर ट्राली से सवार होकर गढ़ी चौराहे से कलक्ट्रेट पहुंचा किसानों का सैलाब
- कई घंटों की जद्दोजहद के बीच वार्ता में कई बिंदुओं पर बनी सहमति, धरना खत्म
संबद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गुलदार, बिजली और गन्ना बकाया की मांग को लेकर भाकियू अराजनैतिक ने शहर में ट्रैक्टर रैली निकाली। इसके बाद कलक्ट्रेट में धरना दिया। महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक ने कहा कि अब किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई घंटों की जद्दोजहद के बीच वार्ता में कई बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद धरना खत्म किया गया।
बृहस्पतिवार को किसानों की भीड़ ट्रैक्टर लेकर गांव गढ़ी चौराहे से शास्त्री चौक होते हुए जजी चौक और फिर प्रदर्शनी मैदान से कलक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान शहर में जाम के हालात बन गए। कलक्ट्रेट पहुंचकर किसानों ने प्रदर्शन किया और पंचायत की।
युवा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि जिले में गुलदार के हमलों में किसानों की मौत हो रही है। प्रशासन और वन विभाग मौन है। संसाधन न होने के कारण गिनती के पिंजर को वन विभाग यहां से वहां उठाएं फिरता है। दिगंबर सिंह ने कहा है कि चकबंदी में भ्रष्टाचार का संगठन ने इलाज कर दिया।
जिलाध्यक्ष चौधरी नितिन सिरोही ने कहा कि बकाया भुगतान की मांग ही नहीं, बिजली, शिक्षा, वन विभाग, पंचायत, चिकित्सा, चकबंदी, जल निगम आदि विभागों के भ्रष्टाचार के खिलाफ की आवाज उठाई जाएगी। किसानों, ग्रामीण व जनमानस का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। एडीएम विनय कुमार की अध्यक्षता में संबंधित समस्त विभागों के साथ हुई बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक की उपस्थिति में इन बिंदुओं पर बनी सहमति। इसके बाद धरना खत्म किया गया।
अगली लड़ाई विद्युत निगम के खिलाफ लड़ी जाएगी
किसान नेताओं ने कहा कि प्रतिबंधित कंपनी के मीटर जिले में लगाएं, जो चलते नहीं और उपभोक्ताओं पर चोरी का आरोप लगाकर उत्पीड़न किया जा रहा। इनका भी संगठन इलाज किया जाएगा। बिजली विभाग अफसर अपनी अधीनस्थ और अधीनस्थ उपभोक्ताओं का शोषण कर रहे हैं। ठेकेदार मीटर टांग आए और जेई व विजिलेंस टीम उपभोक्ताओं पर आर्थिक शोषण कर रही है।
इन बिंदुओं पर बनी सहमति
-14 किलोमीटर अमानगढ़, बिजनौर, चांदपुर वन विभाग के द्वारा कराई जाएगी सोलर फेंसिंग। एक सप्ताह में शुरू होगा कार्य
-तीन और गुलदार रेस्क्यू जल्द ही जनपद को दिलवाई जाएंगे, 12 विभाग के कर्मचारी और शॉप पिंजरे आज वन विभाग को हुए प्राप्त
-निजी विद्यालय से कोरोनाकल की फीस वापसी पर एक सप्ताह के अंदर होगी कार्रवाई, एनसीईआरटी की किताब लगाई जाएगी।
- जल जीवन मिशन के तहत गांवों टूटी सड़कों की जांच होगी। कंप्लीट दिखाई सड़क टूटी मिली तो दर्ज होंगे मुकदमे
-बिजनौर रावली मार्ग पर जल्द शुरू होगा कार्य। किसान सम्मन निधि के समाधान के लिए एक पोर्टल अलग से बनाया जाएगा।
-चकबंदी विभाग की समस्याओं का चौपाल लगाकर कराया जाएगा समाधान
-गन्ने में आई बीमारियों पर कृषि वैज्ञानिकों को बुलवाकर आगामी बीमारियों से कैसे लड़ा जाए, रूपरेखा तैयार की जाएगी। खराब फसलों की शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
- कृषि कार्डों में ठगी करने वाले लोगों को जेल भेजा जाएगा तथा किसानों को न्याय दिलवाया जाएगा।
-स्वहेड़ी बाईपास पर मेडिकल कॉलेज जाने पांच अक्तूबर से सर्विस रोड बननी शुरू होगी -शुगर मिल से वीकेआईटी सड़क की मरम्मत कल से शुरू होगी
-