बिजनौर डीएफओ कार्यालय पर धरने पर बैठे भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ता।
- जनपद में घूम रहे गुलदारों को पकड़वाने की कर रहे मांग
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जनपद में घूम रहे गुलदारों को पकड़वाने की मांग को लेकर किसानों ने डीएफओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। आंदोलित किसानों का आरोप था कि गुलदार पकड़वाने के संबंध में कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। वन विभाग आंखें मूंदे हुए बैठा है। गुलदार हमले कर लोगों की जान ले रहा है।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बुधवार को डीएफओ कार्यालय बिजनौर में पहुंचे, यहां किसानों ने प्रदर्शन कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने पर किसान नेताओं ने कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में गुलदार खुला घूम रहे हैं, जिसके लिए कई बार वन विभाग के अधिकारियों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन के माध्यम से भी अवगत करा दिया गया था। जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने कहा कि कई किसानों की गुलदारों के हमले के कारण जान चली गई। किसान व ग्रामीण भय के माहौल में हैं।
उन्होंने कहा कि इन आदमखोर गुलदारों को पकड़ा नहीं जाएगा, तब तक डीएफओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना चलता रहेगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि विभाग पीड़ित किसानों के परिवारों को तुरंत मुआवजा देने का भी काम करें। अन्यथा जनपद के किसान डीएफओ कार्यालय में पशुओं को बांधने का काम किया जाएगा। धरने पर उदयवीर सिंह, गौरव कुमार, गौरव जंघाला, समरपाल सिंह, अंकित नरवाल, रजनीश, विवेक, शगुन आदि उपस्थित रहे l