पंतनगर मेले में शामिल होने के लिए किसान रवाना
बिजनौर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में आयोजित किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए जिले से किसान रवाना हुए। उप कृषि निदेशक गिरीश चंद, आत्मा योजना के प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह योगी ने किसानों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उप कृषि निदेशक गिरीश चंद ने कहा कि इस मेले, गोष्ठी में किसानों की आय बढ़ाने व लागत कम करने के लिए परंपरागत खेती की जगह तकनीकी विधि से खेती करने के बारे में बताया जाएगा। साथ ही किसानों को अधिक उत्पादन वाले नवीनतम उन्नत बीज के बारे में बताया जाएगा। इस मेले में जनपद के 120 महिला व पुरुष किसान प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह योगी ने बताया कि मेले में प्रतिभाग करने से किसान कृषि की नवीनतम जानकारी तथा उन्नत प्रजाति के पौधे व बीज भी क्रय करने का अवसर प्राप्त होगा।