नगीना। गन्ना विभागीय अधिकारियों व मिल प्रबंधन के सहयोग से बुंदकी चीनी मिल के बाहृय गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ने से भरे वाहनों का ग्रॉस वजन (हाड़ा) बढ़ने से मिल क्षेत्र के गन्ना कृषकों में खुशी है।
द्वारिकेश चीनी मिल बुंदकी मिल क्षेत्र के बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों के किसान गन्ना केंद्रों पर प्रदर्शन कर केंद्र पर तुलने वाले उनके गन्ने से भरे वाहन के ग्रॉस वजन (हाड़ा) में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। किसानों का कहना था कि निर्धारित हाड़ा अपर्याप्त होने पर उनको शेष गन्ना वापस ले जाना पड़ रहा था। किसानों का यह भी तर्क था कि जिले की अन्य कई चीनी मिलें भी अपने क्षेत्र के किसानों की सुविधानुसार बाहृय गन्ना क्रय केंद्रों पर ग्रॉस वजन (हाड़ा) में बढ़ोतरी कर गन्ना खरीद रही है। उत्पन्न समस्या के दृष्टिगत किसानों की हाड़ा बढ़ोतरी की मांग और विभागीय अधिकारियों की सहमति पर द्वारिकेश चीनी मिल बुंदकी प्रबंधन ने भी अपने बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों पर चालू गन्ना पेराई सत्र की शुरुआत से चल रही निर्धारित ग्रॉस वजन (हाड़ा) को संशोधित कर अब ग्रॉस वजन (हाड़ा) में बढ़ोतरी कर दी है।
उधर, गन्ना किसान मनोज कुमार, बलवीर सिंह, जाकिर हुसैन, नरेंद्र कुमार, मोहम्मद अनवार व देवेंद्र सिंह आदि का कहना है कि गन्ना आयुक्त के किसानों की सुविधा के लिए गन्ना नियमों में किये गए बदलाव भी सराहनीय और कृषक हितैषी है।