पंचायत सचिवों की कार्यप्रणाली पर भड़के किसान
नजीबाबाद। भारतीय किसान यूनियन ने ब्लॉक कार्यालय पर भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों ने पंचायत सचिवों पर विकास कार्य में बाधक बनने और अवैध वसूली में लिप्त होने का आरोप लगाया।
भाकियू के तहसील अध्यक्ष दिनेश कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश अग्रवाल, उपाध्यक्ष चौ. महेंद्र सिंह के नेतृत्व में किसानों ने ब्लॉक कार्यालय पर धरना दिया। किसानों ने ग्राम पंचायत सचिवों के भ्रष्ट आचरण से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित होने पर रोष व्यक्त कर जमकर नारेबाजी की। ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश कुमार का आरोप था कि ब्लॉक में कार्यरत अधिकांश ग्राम पंचायत सचिव ग्राम पंचायतों के विकास कार्य को प्रति गंभीर नहीं है। कई-कई पंचायतों को देख रहे पंचायत सचिवों ने प्राइवेट लोगों को अपने साथ रखा हुआ है। उनका आरोप था कि पंचायत सचिव और उनके द्वारा रखे गए प्राइवेट लोग ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में रूचि न लेकर अवैध वसूली में लिप्त हैं। जिससे पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे है। निर्माण कार्यों में मानकों की खुली अवहेलना की जा रही है।
किसानों ने सीडीओ से ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग करते हुए ज्ञापन बीडीओ ज्योति चौधरी को सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने ब्लॉक में भ्रष्टाचार दूर करने, विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने, गन्ना मूल्य का भुगतान करने, एमएसपी कानून लागू करने सहित विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।
धरना प्रदर्शन में देवदत्त शर्मा, होशियार सिंह, रंधावा सिंह, अजीत सिंह, हुकम सिंह, राजेंद्र सिंह, विजय सिंह, कमल वीर सिंह, सत्यपाल, रमेश राजपूत, सुनील कुमार, जयप्रकाश, अमित कुमार आदि किसान शामिल रहे।