रेहड़ के गांव बादीगढ़ के जंगल में मिले गुलदार के शावक।
- फोटो : BIJNOR
गुलदार के दो शावक दिखने से किसान भयभीत
रेहड़। बादीगढ़ में एक खेत में गुलदार के शावक मिलने से किसानों में भय है। खेत स्वामी ने वन विभाग को सूचना देकर शावकों को खेत से हटाने की मांग की है।
बादीगढ़ निवासी दिनेश की बादीगढ़ कल्लूवाला मार्ग पर आबादी के पास ही कृषि भूमि है। गन्ने की फसल छिलाई हो रही है। शनिवार को मजदूर खेत में गन्ने की छिलाई कर रहे थे तभी उन्हें खेत में गुलदार के दो शावक दिखाई दिए। शावकों को देखकर मजदूरों के होश उड़ गए। खेत में मादा गुलदार होने की आशंका से मजदूर शोर मचाते हुए भाग निकले। खेत स्वामी ने वन विभाग के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन दरोगा मोहम्मद निजामुद्दीन का कहना है कि वनकर्मी गन्ने के खेत में शावकों पर नजर रख रहे हैं। उम्मीद है रात में किसी समय मादा गुलदार अपने शावकों को उठा कर ले जाएगी। गांव वालों से खेत व शावकों से से दूर रहने तथा गुलदार की आमद को लेकर सावधान रहने को कहा गया है।