प्रसिद्ध गणितज्ञ डॉ. भूदेव शर्मा का निधन
बरूकी (बिजनौर)। देश के प्रसिद्ध गणितज्ञ डॉ. भूदेव शर्मा का ग्राम बांकपुर में हृदय की गति रुक जाने से देहांत हो गया। वह 78 वर्ष के थे। दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी करने के बाद एनएएस कॉलेज मेरठ से शिक्षण कार्य आरंभ किया। वह दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहे। इसके बाद वह यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टइंडीज त्रिनिडाड, जेवियर यूनिवर्सिटी न्यू अमेरिका और हिंदू यूनिवर्सिटी ऑफ अमेरिका ऑरलैंडो के चांसलर भी रहे। सेवानिवृत्ति के बाद वह गाजियाबाद में रहने लगे थे। भूदेव शर्मा को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के द्वारा सम्मानित किया गया था। भूदेव शर्मा ने गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए ग्राम बांकपुर में एक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की स्थापना की थी। इसके अतिरिक्त के भूड़ बराल में उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा के लिए एक डिग्री कॉलेज की भी स्थापना की थी। वे 11 अप्रैल को अपने भतीजे अरुण शर्मा के निवास पर रहने के लिए ग्राम बांकपुर आए थे । शुक्रवार शाम को हृदय की गति रुक जाने से उनका देहांत हो गया।