- बारूद में घर्षण होने के बाद उठी चिंगारी से हुआ धमाका
- फैक्टरी में पटाखों की पैकिंग का काम कर रहे थे श्रमिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/झालू। कस्बा झालू के समीप गांव हसनपुर काजी के जंगल में चल रही पटाखा फैक्टरी में रविवार को तेज धमाका हो गया। हादसे में एक श्रमिक की मौके पर मौत हो गई, चार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बारूद में घर्षण होने के बाद उठी चिंगारी से हुआ। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
झालू-गंगौड़ा मार्ग पर गांव हसनपुर काजी के जंगल में नहटौर निवासी अंबर अब्बास ने पटाखे बनाने वाली लाइसेंसी फैक्टरी चला रखी है। रविवार सुबह आठ बजे फैक्टरी में कुछ श्रमिक पटाखे की पैकिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ू लगाते समय बारूद में घर्षण होने से तेज धमाका हुआ और आग लग गई।
आग में झुलसकर गांव गोपालपुर निवासी अमित (23) पुत्र कुलवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गांव नांगलजट निवासी अमन (20) पुत्र कपिल, गांव गोपालपुर निवासी रजत (24) पुत्र ओमप्रकाश, गांव रसूलाबाद निवासी कपिल (23) पुत्र अतर सिंह, गांव खारी निवासी चिंटू (22) पुत्र अनूप बुरी तरह झुलस गए। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचा।
सूचना पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, एसडीएम सदर मनोज कुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
पटाखा बनाने वाली फैक्टरी में अचानक आग लगी थी। घायलों को पहले ही परिजन इलाज के लिए ले गए थे। झाड़ू लगाते समय बारूद में घर्षण होने से धमाका हुआ है। फैक्टरी का लाइसेंस है। मानक पूरे हैं यहां नहीं, अभी इसकी जांच की जाएगी। मानक पूरे नहीं मिलने पर कार्रवाई करेंगे। - संजीव वाजपेयी, एएसपी सिटी