नजीबाबाद में पूर्व चेयरमैन मुअज्जम खां को उठाकर मतगणना स्थल से बाहर ले जाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में कासमियां इंटर कॉलेज में सीडीओ डा. इंद्रमणि त्रिपाठी, एसडीएम उद्धव त्रिपाठी, सीओ बृजराज सिंह के निर्देशन में मतगणना शुुरू हुई। आरोप है कि डाक से आए 11 मतपत्रों पर पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर न होने पर आरओ ने उन्हें गिनती से बाहर कर दिया। आरोप है कि सपा प्रत्याशी सबिया निशात के पति पूर्व चेयरमैन मुअज्जम खां ने इस पर आपत्ति जताई व निर्वाचन अधिकारी से बदसलूकी कर दी। इसके बाद सीडीओ डा.इंद्रमणि त्रिपाठी से उलझ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोअज्जम खां अपना आपा खो बैठे व निर्वाचन अधिकारी के गिरेबान पर हाथ डालने की कोशिश की। मामला तूल पकड़ गया। घटना के आधा घंटे बाद डीएम जगतराज व एसपी प्रभाकर चौधरी वहां पहुंच गए। सीडीओ ने यह बात डीएम,एसपी को बताई। अफसरों के आदेश पर पुलिस मतगणना स्थल से मोअज्जम खां को हटाने की कोशिश की तो वे उनसे भी उलझ गए। पुलिस ने मोअज्जम खां को वहां से खींच लिया। धक्का मुक्की करते हुए बाहर ले आई। मोअज्जम खां जमीन पर लेट गए। पुलिस ने उन्हें उठाकर गाड़ी में डाल लिया और किरतपुर थाने ले आई। इस घटना से मोअज्जम खां के समर्थकों में खलबली मच गई। पुलिस ने मुअज्जम खां के भाई परवेज खां को भी मतगणना स्थल से बाहर कर दिया। मोअज्जम खां और परवेज खां दोनों प्रत्याशी के एजेंट के रूप में मतगणना स्थल पर थे। घटना के बाद स्वयं प्रत्याशी सबिया निशात तथा एक अन्य को एजेंट के रूप में मतगणना स्थल पर बुलाया गया। इस दौरान मोअज्जम खां के समर्थकों ने अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए।