बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा की हाई स्कूल व इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तीन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में शुरू हुआ। पहले दिन 1000 से अधिक परीक्षक कापी जांचने नहीं आए। सबसे अधिक अनुपस्थित आरजेपी मूल्यांकन केंद्र पर रहे। मूल्यांकन केंद्रों पर दोपहर तक सुरक्षा कर्मी नजर नहीं आए। शिक्षकों के एक गुट का मूल्यांकन बहिष्कार का कोई असर दिखाई नहीं दिया।
पहले दिन 20549 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं। बोर्ड से तीनों केंद्र पर उत्तर पुस्तिका जांचने के लिए कुल 2856 परीक्षक आवंटित थे। इनमें 243 उप प्रधान परीक्षक तथा 2613 सहायक परीक्षक हैं। केंद्रों पर 1598 परीक्षक उपस्थित रहे। जिनमें 201 उप प्रधान परीक्षक व 1397 सहायक परीक्षक हैं। आवंटित परीक्षकों में 42 उप प्रधान परीक्षक तथा 1216 सहायक परीक्षक अर्थात 1258 परीक्षक अनुपस्थित रहे।
ये रही केंद्रों पर परीक्षकों की स्थिति
आरजेपी मूल्यांकन केंद्र पर आवंटित 95 उप प्रधान परीक्षक में से 82 उपस्थित तथा 13 अनुपस्थित , 983 सहायक परीक्षकों में से 594 उपस्थित तथा 389 अनुपस्थित रहे। जीजीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर आवंटित 72 उप प्रधान परीक्षकों में 64 उपस्थित, 798 सहायक परीक्षकों में से 455 उपस्थित व 343 अनुपस्थित रहे। बीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर आवंटित 76 उप प्रधान परीक्षक में 55 उपस्थित, 832 सहायक परीक्षकों में से 348 उपस्थित व 484 अनुपस्थित रहे।
ये उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं पहले दिन डीआईओएस रामाज्ञा कुमार ने पहले दिन परीक्षकों की बैठक ली। परीक्षकों को बोर्ड के निर्देश बताए। मूल्यांकन में पारदर्शिता बरतने तथा बोर्ड के नियमों का पालन करने को कहा। जीआईसी प्रधानाचार्य डॉ. निशांत कुमार मौजूद रहे। इसके बाद मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ। पहले दिन बोर्ड से आवंटित 241946 कापी में 5499 कापी जांची गई। जीजीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर आवंटित 184987 कापी में 4550 कापी जांची गई। बीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर आवंटित 222716 कापी में 10500 कापी जांची गई।
- मूल्यांकन केंद्रों के गेट पर की नारेबाजी
माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट ने मांगों को लेकर मूल्यांकन के बहिष्कार के घोषणा की है। कुछ शिक्षक मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचे। केंद्रों के बाहर बहिष्कार को लेकर नारेबाजी की। मूल्यांकन केंद्रों में कापी जांचने का काम जारी रहा। उधर, राजकीय शिक्षक संघ के जिला महासचिव अमित शर्मा तथा माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिला अध्यक्ष रवींद्र कुमार शर्मा का कहना है कि उनका कोई बहिष्कार नहीं है। शिक्षक कापी जांच रहे हैं।
नहीं नजर आए सुरक्षा कर्मी
शासन ने मूल्यांकन केंद्र पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात करने की घोषणा की है। परंतु मूल्यांकन केंद्रों पर दोपहर एक बजे तक कोई पुलिस कर्मी मुख्य द्वार पर नहीं दिखाई पड़ा। मूल्यांकन केंद्रों के प्रवेश द्वार खुले थे। बताया गया कि पुलिस बल 18 मार्च को सहकारी समितियों में संचालक पदों के चुनाव में लगी है।
ये तैनात रहे स्टेटिक मजिस्ट्रेट शासन ने मूल्यांकन केंद्र पर पहली बार स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। स्टेटिक मजिस्ट्रेट सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक केंद्र पर रहकर निगरानी करेंगे। बीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर कैलाश चंद्र प्रधानाचार्य राजकीय इंटर काॅलेज बेनीपुर कोपा, जीजीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर मोहम्मद मारुफ प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल पृथ्वीपुर तथा आरजेपी मूल्यांकन केंद्र पर पुनीत कौशिक प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल जुड्डीवाला को स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। शासन ने डायट इस्माइलपुर चांदपुर के प्रधानाचार्य महावीर सिंह को तीनों मूल्यांकन केंद्र की निगरानी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पर्यवेक्षक शासन को रिपोर्ट करेंगे।