नजीबाबाद। कृषि उत्पादन मंडी समिति की उदासीनता से मंडी समिति परिसर में बढ़ते अतिक्रमण पर एसडीएम का बुलडोजर चला। कार्रवाई में 17 भूखंडों पर अस्थायी अतिक्रमण जमींदोज किए गए। आवंटित दुकानदारों को सामने जाल लगाकर किए गए अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई।
एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने शुक्रवार को दोपहर 17 भूखंडों पर सब्जी और फल आढ़तियों द्वारा मंडी समिति प्रशासन की मिली भगत से किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवाया। कृषि उत्पादन मंडी समिति सचिव कुलदीप सैनी, बाबू सलीम अहमद की उपस्थिति में एसडीएम ने ‘ए’ क्लास की आवंटित दुकानों के बाहर जाल लगाकर किए गए अतिक्रमण पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दो जनवरी से पूर्व ‘ए’ और ‘सी’ क्लास की आवंटित दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए कारोबारियों को चेतावनी दी।
एसडीएम ने कहा कि यदि स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो दो जनवरी के बाद जेसीबी से अतिक्रमण हटाए जाएंगे। कारोबारियों को खर्च देना पड़ेगा और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। ‘ए’ क्लास दुकानों से संबंधित कारोबारियों नौशाद, एहतेशाम, नफीस, सईद, फहीम, इकबाल, अकरम का कहना है कि मंडी समिति परिसर में बंदरों और पशुओं के आतंक के कारण प्रतिष्ठानों के बाहर जाल लगाए हैं। बंदर आए दिन सब्जी फल आदि को नुकसान पहुंचाते हैं।