भागूवाला क्षेत्र में हाथियों द्वारा रौंदी गई गन्ने की फसल।
- भागूवाला क्षेत्र में फसल को पहुंचाया नुकसान, किसानों ने मांगा मुआवजा
फोटो - 31एनजेडबी05ए, 05बी
संवाद न्यूज एजेंसी
भागूवाला/नजीबाबाद। जंगली हाथियों ने भागूवाला क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने कई किसानों की गन्ने की फसल रौंद डाली। किसानों ने वन विभाग से मुआवजा दिलाने की मांग की है।
राजगढ़ रेंज क्षेत्र से लगे भागूवाला क्षेत्र में कई दिनों से जंगली हाथी देखे जा रहे हैं। सोमवार रात जंगली हाथियों ने गन्ने के खेतों में घुसकर कई बीघा फसल पैरों से रौंदी। पूरी रात हाथियों की चिंघाड़ से खेत रखवाले किसान भयभीत रहे। जंगली हाथियों ने भागूवाला निवासी किसान प्रेम सिंह, रघुवीर सिंह, इकबाल, नसीम अहमद के खेतों में घुसकर गन्ने की फसल को नष्ट किया। ब्रजपाल सिंह, रामपाल, नफीस आदि का कहना है कि गांव से मात्र 400 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब तक हाथी आ रहे हैं। भागूवाला से लगे गांव मिर्जापुर, रामपुर चाठा, सबलगढ़ में राजगढ़ वन क्षेत्र की सीमा लगी है। आए दिन हाथी खेतों में घुसकर फसलों को नष्ट कर रहे हैं।
क्षेत्रीय किसानों ने वन विभाग से गन्ने की फसल का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि हाथियों के आतंक के बावजूद किसान जोखिम उठाकर खेतों में काम करने जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों से फसल और जन सुरक्षा के लिए ठोस प्रबंध करने की मांग की है।