कालागढ़ (बिजनौर)। कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज के धारा ब्लाक के कक्ष संख्या चार-पांच के मिलान पर नूनगढ़ के सहायक नाले में नर हाथी का एक सप्ताह पुराना शव गश्ती दलों को शुक्रवार की शाम मिला। सूचना पर कार्बेट टाइगर रिजर्व के उप निदेशक राहुल मिश्रा,उप प्रभागीय वनाधिकारी बिंदरपाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हाथी की मौत के कारणों की जांच के आदेश दिए है। कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डा. साकेत बड़ोला के अनुसार हाथी के दोनों दांत सुरक्षित हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला प्राकृतिक मौत का प्रतीत होता है। क्षेत्र में सघन गश्त करने व जांच के आदेश दिए गए हैं। चिकित्सक हाथी के शव का शव विच्छेदन कर रिपोर्ट देंगे।
उप प्रभागीय वनाधिकारी बिंदरपाल के अनुसार हाथी के शव का निस्तारण विभागीय निर्देशों के अनुरूप कर बिसरा फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।