-कंडरावाली क्षेत्र में खेत में दबा मिला था हाथी का शव
नजीबाबाद। खेत में दबे मिले हाथी के शव मामले के प्रकरण में वन विभाग की टीम मुख्य आरोपी सहित नामजद आरोपियों की पकड़ने के लिए छोपमारी कर रही है। दो नामजद आरोपी पकड़ लिए गए। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
कौड़िया वन रेंज के कंडरावाली में मंगलवार को आरक्षित वन क्षेत्र से लगे खेत में हाथी का शव खेत में दबा मिला था। काफी पुराना शव होने के कारण हाथी का शरीर टुकड़ों और कंकाल के रूप में तब्दील हो चुका था। वन विभाग ने संबंधित मामले में खेत स्वामी चांदपुर निवासी जयसिंह सहित आस-पास खेती से जुड़े आठ लोगों को नामजद करते हुए कुल 14 के खिलाफ रिपोर्ट नगीना थाना क्षेत्र में दर्ज कराई थी। वन विभाग ने विभागीय मामला भी दर्ज किया है।
डीएफओ वंदना फोगाट की देखरेख में गठित वन विभाग की टीमें मुख्य आरोपी जय सिंह सहित नामजद को पकड़ने के लिए उनके ठिकानों पर छापामारी कर रही हैं। प्रकरण में नामजद दो वन गुर्जरों को वन विभाग ने पकड़ने में सफलता पाई है। विभागीय अधिकारी हाथी मौत के संबंध में वन गुर्जरों से पूछताछ में जुटे हैं। खेत से बरामद हाथी का पोस्टमार्टम के बाद चिकित्सक दल ने मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा आईबीआरआई बरेली भेजा है।
उधर, डीएफओ वंदना फोगाट का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निर्देशन में हाथी प्रकरण में जांच की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।