मृत हाथी खुशी का फाईल फोटो। स्रोत संवाद।
कालागढ़ (बिजनौर)। कालागढ़ में कार्बेट टाइगर रिजर्व की हाथीशाला में हाथी के बच्चे खुशी की उपचार के दौरान मौत हो गई। हाथी के बच्चे की मौत को लेकर वन विभाग में दु:ख का माहौल है। कालागढ़ में कार्बेट टाइगर रिजर्व की हाथीशाला में हाथी परिवार की सबसे छोटी सदस्य खुशी बीमार चल रही थी। जिसका उपचार चल रहा था। शुक्रवार सुबह खुशी ने हाथीशाला में दम तोड़ दिया। जिसकी सूचना मिलने पर वन विभाग के चिकित्सक व अधिकारी मौके पर पहुंचे।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डाॅ.धीरज पाण्डेय के अनुसार मादा हाथी खुशी की आयु 23 माह पांच दिन थी। खुशी के शव का विच्छेदन कार्बेट टाइगर रिजर्व के पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. दुष्यंत कुमार शर्मा, बरेली के भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डाॅ. एम करिकलान, डाॅ. राहुल सती, पश्चिमी वृत्त के पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. आयुष उनियाल ने किया।
इस दौरान कालागढ़ के वनक्षेत्राधिकारी नंदकिशोर रूवाली व एनजीओ के सदस्य मौजूद रहे। खुशी का बिसरा व आंतरिक अंगों के सैंपल जांच के लिए बरेली के संस्थान को भेजे जा रहे हैं।