धामपुर। ऊमरी बिजलीघर पर बिजली की आपूर्ति शेड्यूल के अनुरूप न होने से ग्रामीणों में रोष है। धामपुर नगर क्षेत्र में भी ट्रिपिंग के साथ आ रही बिजली से लोग परेशान हैं। बिजली आपूर्ति में सुधार न होने पर लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
पिछले कई महीने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से गड़बड़ाने से लोगों को भारी दिक्कत हो रही है। बिजली के तार टूटने से नगर के मुख्य बाजार में दिन भर बिजली गुल रही। दोपहर बाद बिजली के आने से लोगाें ने राहत की सांस ली। ऊमरी बिजलीघर से जुड़े गांवों सलावा, खदाना, पाडली, मोरना आदि गांवाें के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली शेड्यूल के अनुरूप न आने से लोग परेशान हैं।
आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।कई बार भाकियू कार्यकर्ता बिजलीघर पर प्रदर्शन कर बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग कर चुके हैं। पर सुनवाई नहीं हो रही है। गणेश चौथ समिति के संयोजक विजय जैन ने बताया कि वह बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए विद्युत वितरण खंड प्रथम के एक्सईएन वीरेंद्र कुमार सिंह ने मिले थे। उनके द्वारा भरोसा दिया गया था। पर कुछ नहीं हुआ। लोगों में निगम के खिलाफ असंतोष है।